अखिल भारतवंशीय यादव महासभा के उत्तर प्रदेश इकाई के प्रदेश अध्यक्ष जगदेव सिंह यादव का निधन

श्रम बोर्ड के पूर्व चेयरमैन और अखिल भारतवंशीय यादव महासभा के उत्तर प्रदेश इकाई के प्रदेश अध्यक्ष जगदेव सिंह यादव का सोमवार को निधन हो गया। सीने में तेज दर्द होने के कारण वह पिछले कई दिनों से निजी अस्पताल में भर्ती थे, सोमवार की सुबह उपचार के दौरान हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। उनके निधन की जानकारी होते ही सपाइयों में शोक की लहर दौड़ गई।

कानपुर देहात के रसूलाबाद कुर्सीखेड़ा उचीगदेवा गांव में 5 जून 1948 को जन्मे जगदेव सिंह की राजनीतिक कर्मभूमि नगर व देहात रही। शुरू से ही समाजसेवा के कार्यों के चलते लोगों में लोकप्रिय रहे और राष्ट्रीय लोकदल में खासा सक्रियता के चलते वर्ष 1990 में प्रदेश अध्यक्ष भी बने।

वर्ष 1996 में ककवन ब्लॉक प्रमुख भी रहे। वर्ष 1985 में गोविंदनगर विधानसभा सीट और 1993 में डेरापुर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा। अखिल भारतवंशीय यादव महासभा के युवा अध्यक्ष रहे। वर्ष 2012 से राष्ट्रीय महासचिव और वर्तमान में उत्तर प्रदेश इकाई के 2019 में प्रदेश अध्यक्ष पद पर थे।

कुछ दिन पहले सीने में तेज दर्द होने पर स्वजन ने उन्हें नौबस्ता स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया था, जहां उनका उपचार चल रहा था। सोमवार की सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने हार्ट अटैक से उनकी मौत होना बताया है। सपा के नगर अध्यक्ष डॉ इमरान ने बताया कि देर रात नौबस्ता स्थित एक नर्सिंग होम में उनका निधन हो गया। उनके निधन से पार्टी को अपूर्णीय क्षति हुई है और सपाइयों में शोक की लहर है। उनकी पत्नी अौर छोटा बेटा कोरोना प़ॉजिटिव हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More