बुर्का पहन घर में घुस शौहदे ने युवती पर छुरे से हमला किया

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज़ ,आगरा: आगरा में एक शौहदा बुर्का पहन युवती के घर में घुस गया और युवती पर चाकू से एक के बाद एक वार करता गया। बाद में उसे पकड़ लिया गया। मामला एकतरफा प्यार का है।

थाना ताजगंज के नगला मेवाती स्थित बॉम्बे क्वार्टर में शनिवार शाम को एकतरफा प्यार में एक सिरफिरे युवक ने युवती पर छुरे से हमला बोल दिया। सिर और हाथों पर कई वार करके लहूलुहान कर दिया। युवती ने बचने की कोशिश की, लेकिन वह युवती पर वार करता रहा। युवती की मां के शोर मचाने पर लोग जुट गए। इस पर आरोपी भागकर एक घर की छत पर चढ़ गया। इसके बाद पथराव करने लगा। बाद में लोगों से बचने के लिए दो मंजिला घर की छत से कूद गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

 घटना शाम तकरीबन सात बजे की है। 18 वर्षीय युवती के पिता रिक्शा चलाते हैं, जबकि मां घरों में काम करती हैं। युवती अपनी मां के साथ घर में बैठी थी। थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी का नाम आसिफ है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि आसिफ ने दरवाजा खटखटाया तो युवती दरवाजे पर पहुंच गई। दरवाजे पर बुर्का पहनकर आसिफ खड़ा था। युवती उसे कोई महिला समझ रही थी। वह कुछ कह पाती, उससे पहले ही आरोपी उसे पकड़कर घर के अंदर खींचकर ले गया। कमरे में ले जाकर घर से बकरे काटने का छुरा उठा लिया। इसके बाद प्रहार करने लगा। सिर पर छुरे से प्रहार किया। युवती ने बचने की कोशिश की, लेकिन युवक ने उसके हाथ पर भी वार किए। बेटी का शोर सुनकर मां आ गईं। उन्होंने भी शोर मचा दिया। इस पर लोग जुट गए। लोगों को आता देख आसिफ भागने लगा। लोग उसके पीछे दौड़े तो आरोपी लोगों को भी धमकाने लगा। बाद में कुछ दूर एक मकान की दूसरी मंजिल पर चढ़ गया। लोगों को भगाने के लिए छत से पत्थर भी फेंकने लगा। मगर, लोग किसी तरह सीढ़ियों से छत पर पहुंच गए। इस पर वो दो मंजिला मकान की छत से कूद गया।

लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई की। आरोपी के सिर और पैरों में चोट लगी। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दोनों घायलों को एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी में भर्ती कराया है।

रिपोर्ट -विष्णुकांत शर्मा
वरिष्ठ संवाददाता आगरा

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More