लखनऊ : अमीनाबाद मे अचानक गोली चलने से मची भगदड़, 4 लोग घायाल

अमीनाबाद में बुधवार दोपहर अचानक गोली चलने से चार राहगीर घायल हो गए और इलाके में चीखपुकार के साथ भगदड़ मच गई। गोली कैशवैन के सुरक्षाकर्मी राधेश्याम की लोडेड बंदूक गिरने से चली। पुलिस ने घायलों को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया और मुकदमा दर्ज कर सुरक्षाकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

अमीनाबाद के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि राधेश्याम अंबेडकरनगर का रहने वाला है और ओम सिक्योरिटी में सुरक्षाकर्मी है। इस कंपनी के सुरक्षाकर्मी राइटर सेफगार्ड एजेंसी की कैशवैन को सुरक्षा देते हैं। बुधवार को लाटूश रोड स्थित एटीएम में नकदी डालने के बाद कैशवैन चारबाग की तरफ बढ़ी तो जाम में फंस गई।

राधेश्याम नीचे उतरकर रास्ता खाली कराने लगा। इसी बीच बॉम्बे फर्नीचर के पास पीछे से बाइक सवार ने राधेश्याम को टक्कर मार दी। इससे राधेश्याम गिर गया और हाथ से लोडेड बंदूक छूटते ही फायर हो गया। हादसे में सरोजनीनगर के अब्दुल हक उर्फ शेख, सिटी स्टेशन वजीरगंज के मो. खालिक, आलमबाग के ऋषभ कुमार और राहुल कुमार जख्मी हो गए

स्थानीय लोगों व व्यापारियों के मुताबिक, कैशवैन के पास अचानक गोली चलने से लूट की आशंका हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस को भी लूट की आशंका सता रही थी लेकिन, मौके पर पहुंचने के बाद हकीकत सामने आई तो पुलिस ने चैन की सांस ली।

पैर में गोली लगने से गिर पड़े

स्कूटी से जा रहे अब्दुल हक ओर मो. खालिक सिद्दीकी के मुताबिक, फर्नीचर की दुकान के पास उनके पैर में गोली लगी और वे गिर गए। दोनों को दाहिने पैर में गोली के छर्रे लगे थे। इसी बीच ऋषभ और राहुल भी दर्द से चीख पड़े। उनके पैर से भी खून बह रहा था। पुलिस के मुताबिक, घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More