सत्ता-विपक्ष में बढ़ा टकराव, राहुल गांधी के चीन मुद्दे पर मचा बवाल

राष्ट्रीय जजमेंट

मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी सांसदों द्वारा लगातार नारेबाजी के बाद संसद के निचले सदन को कल सुबह 11:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के दौरान राहुल गांधी द्वारा चीन का मुद्दा उठाने पर भाजपा सांसदों की आपत्ति के बाद लोकसभा को दोपहर 3:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। इससे पहले दिन में, अमेरिका-भारत व्यापार समझौते के बाद, एनडीए सांसदों ने संसद परिसर में एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के लिए बधाई दी।लोकसभा में पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़े विषय को लेकर जारी गतिरोध के बीच मंगलवार को उस वक्त सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव का नया मोर्चा खुल गया जब आसन के समीप कागज उछालने के मामले में आठ विपक्षी सांसदों को वर्तमान बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। कांग्रेस के सात सदस्यों और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक सांसद को सदन से निलंबित किया गया है। सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर जारी चर्चा में राहुल गांधी द्वारा नरवणे के एक अप्रकाशित संस्मरण का उल्लेख करने का प्रयास करने के मुद्दे पर बैठक तीन बार स्थगित होने के बाद अपराह्न तीन बजे शुरू हुई तो पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने आसन की अवज्ञा करने के लिए कांग्रेस सदस्यों अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरदीप सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, किरण कुमार रेड्डी और मणिकम टैगोर तथा माकपा सांसद एस वेंकटेशन के नाम लिए।संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने आठों सदस्यों का नाम लेते हुए सदन में प्रस्ताव रखा कि सदन की अवमानना करने और महासचिव तथा लोकसभा अधिकारियों की मेजों के पास आकर कागज उछालकर आसन की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए उक्त सभी सदस्यों को नियम 374 (2) के तहत संसद के वर्तमान सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किया जाए। सदन ने ध्वनिमत से इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी जिसके बाद बैठक दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण पर आधारित एक लेख का हवाला देते हुए मंगलवार को लोकसभा में एक बार फिर चीन के साथ सैन्य टकराव का मुद्दा उठाने का प्रयास किया। राहुल गांधी ने मंगलवार को नरवणे की पुस्तक पर आधारित लेख को सत्यापित करते हुए सदन के पटल पर रखा। उनका कहना था कि मैं चाहता हूं कि इसे सत्यापित किया जाए, मैं इसे पटल पर रख रहा हूं।’ कांग्रेस नेता ने लेख का हवाला देते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा का महत्वपूर्ण मुद्दा है और इसका चीन तथा पाकिस्तान के साथ संबंध है और यह राष्ट्रपति के अभिभाषण का प्रमुख हिस्सा है। सरकार ने मंगलवार को कहा कि देश में वामपंथी उग्रवाद लगभग-लगभग समाप्त हो गया है और आगामी मार्च महीने तक यह पूरी तरह खत्म हो जाएगा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में प्रश्नकाल में कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) को परंपरागत तरीके के साथ ही आधुनिक प्रशिक्षण दिया जाता है और इसमें वर्तमान की चुनौतियों और भविष्य को दृष्टिगत रखा जाता है।
राज्यसभा की कार्यवाहीराज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर आज चर्चा हुई। बजट सत्र यानि वर्ष के पहले सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण से होती है। उम्मीद की जा रही है कि चर्चा कल तक चलेगी और इसके पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में चर्चा का जवाब देंगे।
राज्यसभा में मंगलवार को कांग्रेस ने भारत और अमेरिका के बीच समझौता होने की बात सोशल मीडिया में आने और इस बारे में संसद को अवगत नहीं कराये जाने का मुद्दा उठाया जबकि सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर बयान देगी तथा विपक्ष को गैर जिम्मेदाराना व्यवहार नहीं करना चाहिए। उच्च सदन में आज प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश सहित पार्टी के कई सदस्यों ने अपने स्थानों पर खड़े होकर आसन का ध्यान भारत एवं अमेरिका के बीच हुए समझौते की ओर दिलाते हुए कहा, ‘‘यह क्या हो रहा है, हमें इसकी जानकारी सोशल मीडिया से मिल रही है…ये देश के साथ धोखा हो रहा है।’’ इस पर सदन के नेता नड्डा ने आसन की अनुमति से कहा कि कल रात अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देर रात एक ट्वीट कर कहा कि उन्होंने भारत पर लगाये जा रहे शुल्क (टैरिफ) को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अवगत कराया और उन्होंने प्रधानमंत्री को एक सच्चा दोस्त भी बताया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More