PM मोदी के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा को मिला नया ठिकाना: नड्डा, सचदेवा और गुप्ता ने भरी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा

नई दिल्ली: शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्मित निजी कार्यालय का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों हुआ। इस भव्य समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और जनसेवा के प्रति समर्पण पर जोर दिया।

जे.पी. नड्डा: PM की दृष्टि से बदली भाजपा  

राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद दिल्ली भाजपा को अपना सुसज्जित कार्यालय मिला है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी के कर-कमलों से हुआ। उन्होंने PM का आभार जताते हुए कहा कि देश के प्रधानसेवक होने के बावजूद मोदी ने हमेशा संगठन को समय दिया। नड्डा ने बताया कि हिमाचल में विपक्ष से सत्ता तक का सफर और 2013 में अशोक रोड कार्यालय के नवीनकरण में मोदी की संगठन शिल्पी की भूमिका उल्लेखनीय रही।

उन्होंने कहा कि PM की दृष्टि से देशभर में 617 कार्यालय बन चुके हैं और दिल्ली का यह 618वाँ कार्यालय है। यह कार्यालय रिसर्च फैसिलिटी, लाइब्रेरी, कॉन्फ्रेंस हॉल और मीडिया सेंटर से लैस है। नड्डा ने PM के शब्दों को दोहराते हुए कहा, “ऑफिस सुबह खुलकर शाम को बंद हो जाता है, लेकिन कार्यालय 24 घंटे जीवित संपर्क का केंद्र है। यह संस्कारों का उद्यान है, जहाँ कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिलती है।”

वीरेंद्र सचदेवा: कार्यालय नहीं, कार्य-संस्कृति का केंद्र 

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने जनसंघ से लेकर भाजपा तक की यात्रा को याद करते हुए कहा कि 1951 से दिल्लीवासियों की आवाज बनने वाला संगठन आज अपने स्थायी पते के साथ और मजबूत हुआ है। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि यह कार्यालय केवल इमारत नहीं, बल्कि कार्य-संस्कृति का केंद्र है, जो जनसेवा का पाठ पढ़ाता है। नवरात्रि के अवसर पर PM का आशीर्वाद मिलना कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का क्षण है।

रेखा गुप्ता: PM का साहस कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता है

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि PM के सेवा पखवाड़े के बीच इस कार्यालय का उद्घाटन ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि मोदी का नेतृत्व छोटे से छोटे कार्यकर्ता को गर्वान्वित करता है। धारा-370 हटाने, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे साहसिक फैसलों से प्रेरित होकर कार्यकर्ता निडर होकर जनसेवा में जुटे हैं।

लोकार्पण समारोह में लगभग 20,000 कार्यकर्ताओं और 250 से अधिक बुजुर्ग नेताओं की उपस्थिति ने इस अवसर को और भव्य बनाया। कार्यकर्ताओं ने इसे “दिवाली से पहले दिवाली” जैसी खुशी बताया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More