आगरा: थाना न्यू आगरा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक व्यापारी ने अपनी मां और मासूम बेटे की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। सुबह नौकरानी के आने पर घटना की जानकारी हो सकी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
थाना न्यू आगरा के लॉयर्स कॉलोनी के तरुण उर्फ जॉली पाइप व्यापारी थे। उनकी पत्नी रजनी खाटू श्याम दर्शन के लिए गई हुई थी। घर में जॉली के अलावा उसकी बुजुर्ग मां ब्रजेश देवी और 12 साल का बेटा कुशाग्र चौहान था। शनिवार सुबह रोज की तरह जब उसके घर पर नौकरानी काम करने पहुंची तो उसने जॉली का शव फंदे पर लटका देखा। ये देख नौकरानी चीखती हुई कमरे की ओर दौड़ी तो वहां 12 वर्षीय कुशाग्र और बुजुर्ग महिला ब्रजेश देवी की लाश पड़ी हुई थी। शोर सुन पड़ोसी मौके पर आ गए। सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि बुजुर्ग महिला और मासूम को जहर देकर मारा गया, जिसके बाद जॉली ने फंदे पर लटक कर खुद की भी जान दे दी।
पुलिस को मौके से युवक का मोबाइल मिला, जिसमें एक वीडियो है। इस वीडियो में उसने कहा है कि उसे करीब डेढ़ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। वो कर्ज से परेशान है, इसलिए सबको मार दिया है। जॉली के पिता मान सिंह की कई साल पहले मौत हो गई थी। उसके पिता अधिवक्ता थे।
पुलिस का कहना है कि जॉली ने रात में अपना मां और बेटे की हत्या की और सुबह खुद फंदे पर लटका कर जान दे दी। मां और बेटे की हत्या कैसे की सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
Comments are closed.