25 हजार का इनामी बदमाश पिंकू यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा गया

बदमाश की गोली से दो पुलिसकर्मी हुए घायल,

राष्ट्रीय जजमेन्ट फर्रुखाबाद: काफी लम्बे समय से पुलिस द्वारा वांछित पचीस हजार का इनामी शातिर अपराधी देवेंद्र उर्फ पिंकू यादव आज सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। जिस पर कई मुकदमे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कायमगंज कोतवाली पुलिस, सर्विलांस टीम व एस.ओ.जी. टीम की संयुक्त टीम से आज सुबह तड़के कायमगंज के निकट टेड़ीकोन के पास पिंकू यादव से सामना हो गया। पुलिस ने पिंकू यादव से सरेन्डर करने के लिए कहा, तो पिंकू ने पुलिस टीम पर फायरिंग चालू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की।इसी दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से पिंकू गम्भीर रूप से घायल हो गया। पुलिस गम्भीर रूप से घायल पिंकू को सी.एस.सी. कायमगंज ले गई। जहाँ डॉ. विपिन कुमार ने प्राथमिक उपचार कर गम्भीर घायल पिंकू को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

उपरोक्त घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा लोहिया अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने इनामी बदमाश को मारने वाली पुलिस टीम को बधाई दी।

पिंकू करीब 6 वर्षों से कोतवाली फर्रुखाबाद के ग्राम चांदपुर में मकान बनाकर रहता था। वह जनपद कन्नौज के थाना विशुनगढ़ के ग्राम प्रानपुर पलौरा का मूल निवासी था। पिंकू ने बीते बरसों पूल गांव के कोटेदार रामनरेश तिवारी की हत्या कर उनके शव को आवास विकास कॉलोनी के नाले में फेंक दिया था। ज्ञात हुआ है कि पिंकू पटियाली क्षेत्र के एस.डी.एम. हत्याकांड का भी मुख्य आरोपी है।

पिंकू का एक पुत्र व एक पुत्री है। उसकी पत्नी बच्चों के साथ लखनऊ में रहकर यू.पी.एस.सी. की तैयारी कर रही है।पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

वरिष्ठ पत्रकार विक्रान्त सिन्हा की रिपोर्ट,

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More